लंबित शिकायतों पर सख्त हुए डीसी, अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी
सीएम विंडो और समाधान शिविर की शिकायतों के तुरंत निपटारे तथा एटीआर की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को सीएम विंडो, एसएमजीटी और समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
शुक्रवार को लघु सचिवालय में हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में डीसी ने लंबित, ओवरड्यू और दोबारा खुली शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 की कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। संबंधित विभाग शिकायतों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के साथ पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) की गुणवत्ता भी सुधारें।
इससे पहले राजस्व विभाग की वित्त आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिकायत निवारण की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने अधिकारियों को नागरिकों के साथ अच्छा व्यवहार करने और शिकायतों को गंभीरता से लेने की हिदायत भी दी।

Girish Saini

