पोर्टलों की लंबित शिकायतों पर डीसी सख्त, मंगलवार तक निपटारा नहीं तो होगी कार्रवाई की सिफारिश

पोर्टलों की लंबित शिकायतों पर डीसी सख्त, मंगलवार तक निपटारा नहीं तो होगी कार्रवाई की सिफारिश

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को सभी शिकायत पोर्टलों की लंबित और रि-ओपन शिकायतों का मंगलवार तक निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सरकार को सिफारिश भेजी जाएगी।

लघु सचिवालय सभागार में शिकायत पोर्टलों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने विभागवार सीएम विंडो की शिकायतों की स्थिति जांची। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ बैठकों में पहुंचने और प्रत्येक शिकायत की अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिए।

डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि शिकायतों के निपटारे के साथ कार्रवाई रिपोर्ट की गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायत का स्थायी समाधान हो। शिकायतकर्ता संतुष्ट होने पर रिपोर्ट पर उसके हस्ताक्षर करवाए जाएं। अन्यथा सरकार द्वारा नियुक्त प्रबुद्ध व्यक्ति के हस्ताक्षर करवाकर निपटारे की पुष्टि की जाए।

उन्होंने एसएमजीटी पोर्टल की शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से सभी पोर्टलों की निगरानी करने और शिकायत मिलते ही उस पर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

समाधान शिविरों की लंबित व रि-ओपन शिकायतों की समीक्षा में उन्होंने विशेष रूप से 2025 की रि-ओपन शिकायतों का निपटारा करने को कहा। अधिकारियों को प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीसी नरेंद्र कुमार, एएसपी वैसाख, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, नगराधीश शुभम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।