डीसी सचिन गुप्ता ने मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए 14 जुलाई तक गणना फॉर्म भरने का आह्वान किया

मतदाता सूची (ड्राफ्ट)-2026 का प्रकाशन 21 जुलाई को।

डीसी सचिन गुप्ता ने मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए 14 जुलाई तक गणना फॉर्म भरने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने जिला के सभी पात्र मतदाताओं का आह्वान किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) 2026 अभियान के तहत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म निर्धारित समय सीमा 14 जुलाई तक अवश्य भरें। उन्होंने कहा कि फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि में अब केवल 6 दिन शेष हैं, इसलिए सभी पात्र नागरिक बिना विलंब के अपनी प्रक्रिया पूरी करें।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों ने अभी तक एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, वे शीघ्र ही इसे भरकर जमा करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची (ड्राफ्ट)-2026 में शामिल किया जा सके। मतदाता सूची (ड्राफ्ट)-2026 का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसलिए सभी पात्र नागरिक अंतिम तिथि 14 जुलाई का इंतजार न करें और समय रहते अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर दें।

उन्होंने कहा कि मतदाता वोटर्स सर्विस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन एन्यूमरेशन फॉर्म भर सकते हैं। इसके अलावा, संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय अथवा सहायता केंद्रों से भी आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।