डीसी सचिन गुप्ता ने नागरिकों से एसआईआर अभियान में बढ़-चढक़र सहयोग करने का आह्वान किया

डीसी सचिन गुप्ता ने नागरिकों से एसआईआर अभियान में बढ़-चढक़र सहयोग करने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही, अद्यतन एवं सुरक्षित सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र एकत्रित कर रहे हैं। यदि किसी कारणवश मतदाता घर पर नहीं मिलते हैं तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र भरकर शीघ्र जमा करवाएं। प्रत्येक गणना प्रपत्र पर संबंधित बीएलओ का संपर्क नंबर उपलब्ध है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के लिए अब बहुत कम समय शेष है, इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना सभी पात्र नागरिक समय रहते अपने प्रपत्र जमा करवाना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम के कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों के माध्यम से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान बारे शहरवासियों को जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा करना आवश्यक है, ताकि उनके विवरण का सत्यापन एवं आवश्यकतानुसार अद्यतन किया जा सके। वहीं जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।

उपायुक्त ने सभी नागरिकों का आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, बीएलओ का सहयोग करें तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित एवं अपडेट बना रहे।