डीसी सचिन गुप्ता ने नागरिकों से केंद्र सरकार के सांख्यिकीय सर्वेक्षणों में सहयोग- करने का आह्वान किया
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा देशभर में विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक विषयों पर नियमित रूप से सांख्यिकीय सर्वेक्षण संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे इन सर्वेक्षणों में पूर्ण सहयोग करें तथा सही जानकारी उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़े केंद्र एवं राज्य सरकारों को विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण, उनके प्रभाव के आकलन तथा देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को समझने के लिए महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराते हैं। एनएसओ के अनुसार अगस्त 2026 के दौरान क्षेत्रीय स्तर पर आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, राष्ट्रीय पारिवारिक आय सर्वेक्षण, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण, प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश व कृषि परिवारो का स्थिति मूल्याकन तथा गैर-निगमित क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार को जनहितकारी योजनाओं एवं प्रभावी नीतियों के निर्माण में सहायता मिलती है।
उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान प्रशिक्षित एनएसओ अधिकारी चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से सुरक्षित डिजिटल उपकरणों तथा अधिकृत वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी एकत्रित करते हैं। सर्वेक्षण के अंतर्गत प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। जिला सांख्यिकीय अधिकारी नवदीप खत्री ने सभी चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर आवश्यक सहयोग दें।
Girish Saini 

