डीसी सचिन गुप्ता ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर का अभियान का शुभारंभ
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थानीय मॉडल टाउन स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम में बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिला में लक्षित बच्चों व महिलाओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाना सुनिश्चित किया जाये।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि बच्चों को कुपोषण से बचाने और उनके समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का विशेष महत्व है। इस अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी जाती है, जिससे वे कृमि संक्रमण से मुक्त होकर बेहतर पोषण प्राप्त कर सकें। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए हाथ धोने की आदत को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जिला में इस अवसर पर सभी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, कोचिंग सेंटरों एवं कॉलेजों में अभियान चलाया गया। कुल 3,78,944 लक्षित बच्चों में से लगभग 3,13,809 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी गई, जबकि शेष बच्चों को 5 मई 2026 को दवा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की 21,526 महिलाओं को भी यह दवा वितरित की गई।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र ने कहा कि पेट में कीड़े होने से बच्चों में एनीमिया, भूख न लगना तथा पेट दर्द जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। कृमि नियंत्रण से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार होता है। उप सिविल सर्जन डॉ. अंजलि अरोड़ा ने कहा कि दस्त, पेट दर्द, कमजोरी, उल्टी, भूख न लगना, पढ़ाई में मन न लगना और खून की कमी जैसे लक्षण कुपोषण के संकेत हो सकते हैं, जिनसे बचाव के लिए समय-समय पर दवा लेना आवश्यक है।

Girish Saini 

