डीसी सचिन गुप्ता ने प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

विधायक सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित।

डीसी सचिन गुप्ता ने प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए-1 के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत अपनाई जाने वाली प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।  

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि पात्र मतदाता 30 अगस्त 2026 तक नए नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करा सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम प्रारूप सूची में किसी कारणवश शामिल नहीं हुआ है, वे आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। साथ ही मतदाता जिला वेबसाइट, वोटर्स पोर्टल अथवा हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से भी अपने नाम की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

बैठक में रोहतक के विधायक भारत भूषण बत्रा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी तथा बीएलए-1 मौजूद रहे। सभी प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने तथा मतदाताओं को जागरूक करने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक, सहित संबंधित अधिकारी व पार्टियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।