डीसी सचिन गुप्ता ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए
निगम क्षेत्र में ड्रेनों व नालों की समयबद्ध सफाई करवाने के निर्देश।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर शहर को सुंदर व स्वच्छ बनायें। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शहर में कही भी कचरा न डाला जाये तथा कचरा एकत्रित करने के उपरांत इसे सीधा वाहनों में ही डालें। इसके लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली भी लगाई जाये। आगामी वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किये जाये।
नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर में साफ-सफाई, ड्रेनों की सफाई व आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत किए जाये वाले प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सफाई कर्मियों द्वारा एकत्रित किये गए कचरे को सीधे वाहनों में डाला जाये तथा शहर में सडक़ किनारे या अन्य स्थान पर किसी भी स्थिति में कचरा न डाला जाये। निगम के सफाई कर्मचारियों तथा निजी तौर पर कचरा एकत्रित करने वाले रेहड़ी चालकों को हिदायतें जारी की जाए कि वे कचरे को केवल निगम के कचरा एकत्रित करने वाले वाहनों में ही डालें। बैठक में निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह एवं अन्य अधिकारी व स्टाफ मौजूद रहा।
उपायुक्त ने घर-घर सफाई व्यवस्था के तहत संचालित किये गए कचरा संग्रहण वाहनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन सभी वाहनों के अलावा आवश्यकता अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली भी लगाये जाये। उन्होंने कहा कि मैन्युअली स्विपिंग के दौरान एकत्रित कचरे को भी साथ-साथ वाहनों में ही डाला जाये तथा खुले में न डाला जाये। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी स्वच्छता अभियान में सहयोग के लिए जागरूक किया जाये तथा उनसे सडक़ किनारे खुले में कही भी कचरा न डालने की अपील की जाये। उन्होंने शहर में निगम द्वारा निर्माणाधीन नाला की प्रगति की समीक्षा की तथा ड्रेन को ढकने के प्रस्तावित कार्य बारे भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत शहर में सभी ड्रेनों की सफाई के कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करवाया जाये। निगम की सुपर सकर मशीन के अलावा जनस्वास्थ्य विभाग की जेटिंग मशीन से ड्रेनों व सीवर की सफाई के कार्य को समयबद्ध पूर्ण करवाया जाये ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव जैसी स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों द्वारा गत मानसून सीजन के दौरान जलभराव के स्थानों की पहचान कर इन स्थानों पर आवश्यकता अनुसार वीटी पंप स्थापित किये जाये। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान नगर निगम क्षेत्र में कही भी जलभराव नहीं होना चाहिए, इसके लिए अभी से आवश्यक प्रबंध करवाए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। निगम द्वारा शहर में बने अस्थाई कूड़ा प्वाइंटों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त नागरिकों को खुले में कूड़ा डालने से रोकने तथा स्वच्छता नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बाजार क्षेत्रों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर नियमित सफाई, कूड़ा उठान एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा नालियों एवं नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।

Girish Saini 

