डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों की हर शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निपटारा करने के निर्देश दिए
नागरिकों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए कॉलिंग सेल स्थापित।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे समाधान शिविर में प्राप्त हो रही प्रत्येक शिकायत का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निपटारा करें। जिला प्रशासन द्वारा शिकायतों के स्थायी समाधान के लिए लघु सचिवालय परिसर में कॉलिंग सेल स्थापित किया गया है, जहां संबंधित नागरिकों से उनका फीडबैक लिया जाता है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नागरिकों की हर विभागों से संबंधित समस्याओं के एक छत के नीचे तुरंत निदान के उद्देश्य से जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर नागरिकों की समस्याओं का उचित समाधान करने के लिए कृतसंकल्प है।
उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में नगराधीश अंकित कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर इन समस्याओं के शीघ्र उचित समाधान करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों को भी जल्द से जल्द निपटाये। इस दौरान डीडीपीओ राजपाल चहल सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

