डीसी सचिन गुप्ता ने सभी शिकायत पोर्टल का नियमित अवलोकन करने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने सभी शिकायत पोर्टल का नियमित अवलोकन करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे समाधान शिविरों के अलावा अन्य सभी शिकायत पोर्टल का नियमित रूप से अवलोकन करें तथा लंबित शिकायतों का समयबद्ध उचित निपटारा करवाना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों एवं रि-ओपन हुई शिकायतों का समयबद्ध स्थायी समाधान करवाये ताकि नागरिकों को राहत मिले। शिकायत का समाधान करते समय संबंधित नागरिकों से संवाद अवश्य किया जाये तथा उन्हें विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट किया जाये। नागरिकों का फीडबैक लेने के लिए कॉलिंग सेल भी कार्यरत है।

उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी जनसंवाद की लंबित शिकायतों का भी निर्धारित अवधि में उचित समाधान करवाये। अधिकारी जनसंवाद के अलावा सीएम विंडो, एसएमजीटी एवं सीपीग्राम्स सभी शिकायत पोर्टल का नियमित रूप से स्वयं अवलोकन करें। इन पोर्टल पर शिकायत प्राप्त होते ही अंडरटेक करें तथा शिकायत के निपटारे की प्रक्रिया तुरंत शुरू करें।

उपायुक्त के निर्देशानुसार नगराधीश शुभम ने सभी शिकायत पोर्टल की लंबित शिकायतों के निपटारे की बारी-बारी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी इन सभी पोर्टल की लंबित शिकायतों का निर्धारित अवधि में यथासंभव निपटारा करवाये। समाधान शिविर के अलावा जनसंवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी व सीपीग्राम्स की हर लंबित शिकायत का गंभीरता के साथ निपटारा करवाये।

समीक्षा बैठक में परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, उप कृषि निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता राजीव राठी, संजीव कुमार व संदीप, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला सांख्यिकी अधिकारी नवदीप खत्री, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।