उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बागवानी क्षेत्र को बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिला में बागवानी क्षेत्र को बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक किया जाये। विभाग द्वारा मधुमक्खी पालकों की ब्रांडिंग करवाई जाये। जिला प्रशासन द्वारा संचालित किये जा रहे सांझा बाजार में स्वयं सहायता समूह शहद की बिक्री में मदद करेंगे। मधुमक्खी पालकों की आमदनी बढऩे के साथ-साथ नागरिकों को गुणवत्ता का शहद उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर मशरूम यूनिट शुरू करवाने के प्रयास किये जाये ताकि किसानों की आमदनी बढ़े। जिला प्रशासन द्वारा मॉडल गांव के रूप में माडोदी जाटान को चुना गया है। कृषि से संबंधित सभी विभाग इस गांव में किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सहायक धंधे शुरू करवाने के लिए योजना बनायें। उद्यान विभाग माडोदी जाटान गांव में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एक माह की कार्य योजना तैयार करें।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा शहद को भावांतर भरपाई योजना में शामिल किया गया है ताकि ये व्यवसाय जोखिम मुक्त हों। इस वर्ष 23 मधुमक्खी पालकों ने पंजीकरण करवाया है, जिनमें 7 मधुमक्खी पालकों की वेरिफिकेशन की गई है तथा 2 मधुमक्खी पालकों की ब्रांडिंग की गई है। जिला प्रशासन द्वारा नया बस स्टैंड के सामने सांझा बाजार शुरू किया गया है, जहां पर स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल आवंटित किये गए है। शहद उत्पादक इन स्टॉल के माध्यम से शहद की बिक्री में मदद ले सकते है।
उपायुक्त ने कहा कि बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा मुख्यमंत्री बागवानी योजना भी क्रियान्वित की जा रही है। नागरिकों को बागवानी फसलों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, मंडल मृदा संरक्षण अधिकारी डॉ. नीना सहवाग, कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल, जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. मदनलाल, पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. नरेंद्र दहिया, एसडीएओ संदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

