डीसी सचिन गुप्ता ने शहरी क्षेत्र में जलभराव रोकने के लिए समय पर सभी प्रबंध करने के निर्देश दिए
गोकर्ण तीर्थ पर जल निकासी के लिए 18 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया डिस्पोजल।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी शहरी क्षेत्र में जलभराव को रोकने के लिए सभी प्रबंध करना सुनिश्चित करें। शहरी क्षेत्र से जल निकासी के लिए जारी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण किया जाये। नालों की सफाई करवाकर गाद को उठवाया जाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शहरी क्षेत्र में जलभराव को रोकने एवं जल निकासी के प्रभावी प्रबंधों के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता वीरवार को नगर निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार, संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शहरी क्षेत्र में जलभराव को रोकने के लिए किये जा रहे प्रबंधों का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर शिविर व नालों की सफाई, नाले का निर्माण का जायजा लेने के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गत वर्ष जलभराव से संबंधित बिंदुओं पर जलभराव को रोकने के लिए सभी प्रबंध करें तथा इसके साथ-साथ जल निकासी के लिए भी पुख्ता प्रबंध करवाये। उन्होंने सभी विभागों को मानसून से पूर्व नालियों एवं नालों की गाद निकालना, मशीनरी व पंपों की तत्परता, मानसून के दौरान समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र तथा वर्षा के बाद जल निकासी के प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अप्पू घर में जल निकासी के लिए लगाए गए पंप सेट का अवलोकन किया तथा मौके पर पंप सेट को चलवाकर देखा। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को अप्पूघर के साथ जलाशय में जल संग्रहण के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिये। उन्होंने इसके उपरांत स्थानीय गोहाना रोड पर नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाया जाये। नगर निगम द्वारा लगभग 700 मीटर लंबाई के नाले का स्थानीय टीबी अस्पताल के नजदीक निर्माण करवाया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जायेगा। इस नाले के निर्माण के लिए एक करोड़ 35 लाख रुपये की राशि स्वीकृत है।
उन्होंने स्थानीय सुखपुरा चौक पर नालों की सफाई का निरीक्षण किया तथा नगर निगम के अधिकारियों को नालों से निकाली जा रही गाद व पॉलीथिन को साथ-साथ उठवाने के निर्देश दिये ताकि यह गंदगी दोबारा नालों में न बहें। उन्होंने सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शहर में निगम से संबंधित जल निकासी ड्रेन व नालों की सफाई के कार्य को समयबद्ध पूर्ण करवाया जाये।
उपायुक्त ने अधिकारियों की टीम के साथ स्थानीय गोकर्ण तीर्थ स्थल के समीप लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित डिस्पोजल स्थल का भी निरीक्षण किया। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा इस क्षेत्र से जल निकासी के लिए ड्रेन नंबर 8 तक लगभग साढे 4 किलोमीटर लंबी 700 मिलीमीटर की डीआई पाइप लाइन डाला जाना प्रस्तावित है तथा डिस्पोजल स्थल पर 5 पंप सेट भी लगाये जायेंगे। इस डिस्पोजल का वर्क अलॉट कर दिया गया है और कार्य अगले सप्ताह शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता योगराज छिक्कारा एवं मनजीत दहिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


