डीसी सचिन गुप्ता ने नागरिकों की समस्याओं को लंबित न रखकर समयबद्ध उचित निपटारा करने के निर्देश दिए
जनकल्याण शिविर में पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नागरिकों को सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का अविलंब लाभ प्रदान करें। अधिकारी नागरिकों की समस्याओं को लंबित न रखें तथा इनका समयबद्ध उचित निपटारा करवाना सुनिश्चित करें।
डीसी सचिन गुप्ता ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाये जा रहे व्यापक प्रचार अभियान के तहत आयोजित जन कल्याण शिविर की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है, जो 20 जून को संपन्न होगा। इस दौरान संबंधित विभागों द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र गरीब व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की शिकायतों विशेषकर समाधान शिविरों में प्राप्त हुई शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करवाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी इन शिविरों की लंबित शिकायतों का तुरंत समाधान करवाये ताकि नागरिकों को राहत मिले।
इस दौरान डीडीपीओ राजपाल चहल, डीएमसी जितेंद्र सिंह, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता अनिल नागर, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


