डीसी सचिन गुप्ता ने 14 जुलाई तक हर हाल में एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने 14 जुलाई तक हर हाल में एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि में केवल दो दिन शेष रहने के चलते उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी किए बिना अपना एन्यूमरेशन फॉर्म तत्काल जमा करवाना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कराया है, वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और शीघ्र अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास अथवा आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए माध्यमों से फॉर्म जमा करवाएं। उन्होंने बताया कि सभी बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं की सहायता के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता को फॉर्म जमा कराने में कोई कठिनाई न हो। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, पड़ोसियों, मित्रों तथा अन्य पात्र मतदाताओं को भी समय रहते एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई के बाद फॉर्म जमा कराने का अवसर उपलब्ध नहीं होगा, इसलिए सभी पात्र मतदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए यह प्रक्रिया अवश्य पूरी करें।