डीसी सचिन गुप्ता ने खरीद मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए

उपमंडलाधीश मंडियों का दौरा कर जांचेंगे सुविधाएं।

डीसी सचिन गुप्ता ने खरीद मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रबी खरीद सीजन 2026-27 के लिए मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाये। सभी उपमंडलाधीश अपने क्षेत्र में स्थित मंडियों का दौरा कर आवश्यक सुविधाएं जांचे और आवश्यकता अनुसार सभी प्रबंध करवाये ताकि खरीद सीजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। गेंहू खरीद का कार्य एक अप्रैल 2026 से शुरू होगा।

उपायुक्त सचिन गुप्ता रबी खरीद सीजन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सर्व प्रथम मंडियों की सडक़ों के पैच वर्क के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आढ़ती तिरपालों की व्यवस्था रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मंडियों व खरीद केंद्रों में पर्याप्त संख्या में बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित करवाये। सरकार के निर्देशानुसार मंडियों व खरीद केंद्रों में केवल इलेक्ट्रॉनिक तोल मशीन ही प्रयोग की जाएगी।

उपायुक्त ने सभी मंडियों के अलावा खरीद केंद्रों में उपलब्ध स्थान के साथ-साथ गेहूं भंडारण के बारे में भी समीक्षा की। सरकार के निर्देशानुसार मंडी में फसल लेकर पहुंचने वाले किसान का ट्रैक्टर सहित फोटो होगा, जिसे पोर्टल पर अपलोड करने के उपरांत गेट पास जारी होगा तथा बायोमेट्रिक भी होगी। मार्केट कमेटी द्वारा सभी मंडियों में किसान सहायता केंद्र खोले जाएं तथा कर्मचारी की नियुक्ति भी की जाए। मंडियों में किसानों के खाने-पीने, शौचालय व आराम इत्यादि की व्यवस्थाएं करवाई जाए।

उपायुक्त ने सभी मार्केट कमेटियों के सचिवों को निर्देश दिए कि वे सोमवार तक यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें कि मंडियों में सभी मूलभूत आवश्यकताएं उपलब्ध करवा दी गई है। मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे फंक्शनल हो। इसके अलावा मुख्य प्रवेश द्वार पर कंप्यूटर व प्रिंटर की व्यवस्था भी करवाई जाए ताकि गेट पास जारी करने में असुविधा न हो। उन्होंने कृषि उप निदेशक को निर्देश दिए कि किसानों का खातों सहित पूर्ण ब्यौरा मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपडेट करें ताकि किसानों को अदायगी करते समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडें।

उपायुक्त ने कहा कि सभी खरीद एजेंसियां एवं मार्केट कमेटी के सचिव यह सुनिश्चित करें कि खरीद की गई सभी ढेरियों का इंद्राज एच रजिस्टर में हो। मंडियों के सभी शैडो की सफाई व मंडी से बरसाती पानी के निकासी के प्रबंध भी किए जाये। अधिकारी किसानों को जागरूक करें कि वे सरसों व गेहूं की फसलों को सुखाकर व साफ-सुथरा करके मंडियों में लाएं ताकि फसल बिक्री में असुविधा न हो। सभी आढ़तियों के पास फसल की सफाई के लिए झरने हो तथा मंडियों में आने वाली गेहूं सरसों व अन्य फसलों की झराई व सफाई करवाई जाए।

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने खरीद एजेंसियों तथा आढतियों को निर्देश दिए कि वे मंडी में आने वाली फसल की नमी की अवश्य जांच करवाये। सभी आढतियों के पास नमी मापक यंत्र उपलब्ध हो। मंडियों से फसल लिफ्टिंग के प्रबंध भी समय पर पूर्ण किए जाये। आढ़तियों के पास लकड़ी की चौकटें व तिरपाल भी उपलब्ध हो। मंडी में कोई भी फर्जी खरीद न हो तथा खरीद से संबंधित रिकॉर्ड पूर्ण रूप से समय पर तैयार किया जाये। सभी खरीद एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में नमी मापक मीटर भी उपलब्ध हों।  

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एसडीएम - उत्सव आनंद, आशीष कुमार व विपिन कुमार, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, मार्केट कमेटी रोहतक के सचिव दीपक, एचएसएएमबी के कार्यकारी अभियंता विशाल मिश्रा, एफसीआई के जिला प्रबंधक राजीव बिरला, हैफेड के जिला प्रबंधक कृष्ण श्योराण, हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के जिला प्रबंधक रोहताश दहिया, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा, डीआईओ महेश भारद्वाज, सहायक रोजगार अधिकारी मोनिका सिंह, मंडी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों में हर्ष कुमार सहित खरीद एजेंसियों के अधिकारी व मंडी एसोसिएशनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।