डीसी सचिन गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करवाने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करवाने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा जिला के सभी खाद्य कारोबारियों को एफएसएसएआई पंजीकरण/लाइसेंस प्राप्त करने के लिए जागरूक किया जाए। बिना पंजीकरण अथवा लाइसेंस के खाद्य कारोबार करना नियमों के विरुद्ध है।

जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। इस बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा खाद्य कारोबारियों के पंजीकरण एवं लाइसेंस संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने विशेष रूप से रेहड़ी एवं स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सुरक्षित खाद्य सामग्री का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी दी तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में डीएसपी दलीप सिंह, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. योगेश कादयान, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।