डीसी सचिन गुप्ता ने श्रम कानूनों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने श्रम कानूनों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला स्तर पर श्रम विभाग से संबंधित विभिन्न मुद्दों एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए श्रम कानूनों के अनुपालन, बंधुआ एवं बाल श्रम उन्मूलन, न्यूनतम वेतन के क्रियान्वयन तथा श्रमिकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्रम विभाग की श्रमिक कल्याण की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए सार्वजनिक एवं संस्थागत शौचालयों पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने न्यूनतम वेतन दरों में हुई वृद्धि के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाने तथा औद्योगिक इकाइयों में श्रम कानूनों की अनुपालना की समीक्षा करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि न्यूनतम वेतन दरों में हुई वृद्धि के बारे में श्रमिकों व औद्योगिक इकाइयों के संचालकों को प्रचार के विभिन्न माध्यमों से जागरूक करें।

उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के माध्यम से बंधुआ मजदूरी से संबंधित प्राप्त शिकायतों की समयबद्ध जांच एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित किया जाए। बंधुआ मजदूरी से संबंधित श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा जारी नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर भी बैठक में चर्चा की गई। जिला सतर्कता समिति के सभी सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर इसके प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया। बाल श्रम से संबंधित मामलों में जिला टास्क फोर्स के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया ताकि किसी भी कार्रवाई से पूर्व संबंधित विभागों के बीच सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके।

उपायुक्त ने औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने बारे भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। सभी फैक्ट्रियों एवं संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, कर्मचारियों के नियमित प्रशिक्षण तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सहायक श्रम आयुक्त राहुल व श्रम निरीक्षक धीरेश्वर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।