डीसी सचिन गुप्ता ने किसानों को बागवानी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने किसानों को बागवानी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि बागवानी विभाग द्वारा किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाये, ताकि किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सके। किसान कृषि के साथ-साथ बागवानी फसलें अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा बागवानी फसलों में अच्छा कार्य करने वाले किसानों की ब्रांडिंग करवाई जाये तथा ऐसे किसान के उत्पादों की बिक्री को बढ़ाने के लिए विभागों में विशेष स्टॉल लगाये जाये।

बागवानी विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा किसानों को शिविरों के माध्यम से बागवानी फसलों, आधुनिक तकनीकों तथा केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं के बारे में निरंतर जागरूक किया जाये। उन्होंने जिला में बागवानी फसलों के विस्तार एवं कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक हिदायतें दी। कृषि विविधीकरण एवं बागवानी गतिविधियों के विस्तार से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ टिकाऊ कृषि प्रणाली को भी बढ़ावा मिलेगा।

उपायुक्त ने कहा कि सांझा बाजार के माध्यम से किसानों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष मंच उपलब्ध करवाया जायेगा। बैठक में रोहतक रियल हॉर्टिकल्चर एफपीओ को सांझा बाजार के स्टॉल नंबर-3 पर किसानों द्वारा उत्पादित मसाले एवं शहद की बिक्री की अनुमति प्रदान की गई। इससे किसानों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा और उनके उत्पादों की पहचान बढ़ेगी।

उपायुक्त ने माडौदी जाटान गांव में विभाग द्वारा की गई गतिविधियों की जानकारी ली। विभाग द्वारा गांव में तीन विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनमें किसानों को बांस स्टैकिंग, संरक्षित खेती, मशरूम उत्पादन, माइक्रो इरिगेशन तथा प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। गांव के सात किसानों ने मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, फूलों की खेती तथा बीज उत्पादन संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करने में रुचि दिखाई।

इसके अलावा विभाग द्वारा विभिन्न खंडों में किसानों को जागरूक करने के लिए कुल 72 जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से किसानों को बागवानी फसलों, आधुनिक तकनीकों तथा हरियाणा सरकार द्वारा प्रदान की जा रही अनुदान योजनाओं की जानकारी दी गई तथा किसानों को सब्जी उत्पादन, फलोद्यान, फूलों की खेती, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, सूक्ष्म सिंचाई तथा प्राकृतिक खेती के बारे में जागरूक किया गया।

इस दौरान मंडल मृदा संरक्षण अधिकारी नीना सहवाग, कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला उद्यान अधिकारी मदन लाल, जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा, पशुपालन उप निदेशक डॉ. नरेंद्र दहिया, सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।