डीसी सचिन गुप्ता ने बरसाती जल निकासी के कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाने के निर्देश दिए
लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बरसाती जल निकासी के लिए टीबी हॉस्पिटल के पास बनाई जा रही ड्रेन।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नगर में बरसाती जल निकासी से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ स्थानीय टीबी अस्पताल के समीप नाले के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि टीबी अस्पताल के समीप लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नाले का दोबारा निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाले के निर्माण कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इस नाले की कुल लंबाई लगभग 1 किलोमीटर है तथा इसका निर्माण कार्य सुखपुरा चौक के पास से प्रारंभ किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि नाले के पुनर्निर्माण से खोखरा कोट, गोहाना रोड सहित आसपास के क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा और बरसात के पानी की तेजी से निकासी सुनिश्चित होगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि आसपास के क्षेत्र में कुछ डेयरी संचालक नाले में कचरा व गोबर डाल रहे हैं, जिससे नाला जाम हो जाता है। इस पर उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि जो भी डेयरी संचालक नाले में गोबर डालता पाया जाए, उसका चालान काटा जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम द्वारा एक विशेष हेल्पलाइन/नंबर जारी किया जाए, ताकि इच्छुक डेयरी संचालक ट्रॉली के माध्यम से गोबर का उचित निस्तारण करवा सकें। उपायुक्त ने नागरिकों से भी अपील की कि वे घर-घर से कचरा उठाने वाली गाड़ियों में सूखा व गीला कचरा अलग-अलग डालें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गीला कचरा मुख्यतः रसोईघर से निकलने वाला कचरा होता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे रसोईघर के लिए अलग डस्टबिन अवश्य रखें।
इस दौरान नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी, एसडीओ सत्यव्रत, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मुकेश, जेई सूर्या धनखड़ तथा सफाई निरीक्षक सुधीर व सचिन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

