डीसी सचिन गुप्ता ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए

21 जून को जिला व खंड स्तर पर और 18 जून को एमडीयू में होगा योग दिवस कार्यक्रम।

डीसी सचिन गुप्ता ने 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय कार्यक्रमों की सभी तैयारियां पूर्ण करें। सरकार की हिदायतों अनुसार 18 जून को एमडीयू में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा, जिसके लिए विवि प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण की जा रही है। इस समारोह में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया एवं शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा शिरकत करेंगे। विवि प्रशासन द्वारा इस समारोह के लिए 3 हजार से अधिक प्रतिभागी तैयार किये गए है तथा प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट व रिफ्रेशमेंट के प्रबंध भी किये गए है।

संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि 21 जून को स्थानीय राजीव गांधी खेल स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। उन्होंने नगराधीश को इस कार्यक्रम के लिए मौसम के दृष्टिगत वैकल्पिक जगह तलाशने को भी कहा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के खंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की संबंधित उपमंडलाधीश विस्तृत योजना तैयार करें।

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को तैयार करें। उन्होंने कहा कि खेल विभाग के खिलाड़ी व स्टाफ भी इस कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल को मध्यनजर रखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया जाए और प्रोटोकॉल में शामिल सूक्ष्म व्यायाम, योगासन एवं प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास करवाया जाए।

उन्होंने प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट के प्रबंधों, पेयजल, शौचालयों इत्यादि के प्रबंधों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यायामशालाओं में भी कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह तथा महम सहकारी चीनी मिल के एमडी मुकुंद तंवर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े। इस दौरान सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, एमडीयू के कुलसचिव संदीप बंसल, घुसकानी गांव स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एसएस शेखावत, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्या परमजीत कौर, पीजीआई से प्रवीन कुमार, सिविल सर्जन कार्यालय डॉ. रूचि, वन विभाग से सुभाष चंद्र, पीटीसी सुनारिया से निरीक्षक प्रमोद कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. ईशा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व ड्यूटी पर तैनात स्टाफ मौजूद रहा।