डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों में प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध उचित निपटारा करने के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिये है कि वे समाधान शिविर में प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध व उचित निपटारा करवाना सुनिश्चित करें। शिकायत का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक को भी विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें।
डीसी सचिन गुप्ता ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नागरिकों की हर विभाग से संबंधित समस्याओं का एक छत के नीचे तुरंत निदान करवाने के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय व उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है। जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए कॉलिंग सेल भी स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिकों का फीडबैक प्राप्त किया जाता है ताकि शिकायतों का स्थायी व प्रभावी समाधान हो।
जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान करवाने के निर्देश दिये। महम में एसडीएम विपिन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में 2 शिकायतें प्राप्त हुई। एसडीएम ने इन शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिये।

Girish Saini 

