डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों की शिकायतों के समयबद्ध उचित निपटारे के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें और शिकायत के निपटारे के समय नागरिक से संवाद कर विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हर नागरिक की प्रत्येक समस्या के एक छत के नीचे समयबद्ध निदान के उद्देश्य से जिला मुख्यालय व उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है, जिनमें संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहकर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निपटारे की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर रहे है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का उचित निपटारा करें तथा इस संदर्भ में नागरिक को जानकारी देकर संतुष्ट करें ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। समाधान शिविर में साधारण कागज पर लिखी समस्याओं की सुनवाई की जाती है। नागरिकों को अपनी समस्या को कंप्यूटर में टाइप करवाने की आवश्यकता नहीं है। पढ़ने-लिखने में असमर्थ नागरिकों की मदद के लिए समाधान शिविर में कर्मचारी तैनात किया गया है। नागरिकों का फीडबैक जानने के लिए कॉलिंग सेल भी गठित किया गया है।
जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह, डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के समयबद्ध उचित निपटारे के निर्देश दिये। उपमंडल मुख्यालयों सांपला एवं महम में भी समाधान शिविर आयोजित किये गए।
Girish Saini 

