उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध उचित निपटारा करने के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे समाधान शिविरों में प्राप्त हो रही शिकायतों का समयबद्ध उचित निपटारा करना सुनिश्चित करें। इन शिकायतों के स्थायी समाधान के लिए संबंधित नागरिक से संवाद कर उन्हें विभागीय कार्यवाही से संतुष्ट करें।
समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित अवधि में उचित समाधान करें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है।
उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के स्थायी समाधान के लिए कॉलिंग सेल भी स्थापित किया गया है। इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीईईओ दिलजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

