उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र उचित निपटारे के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सीएम विंडो, समाधान शिविर, जनसंवाद आदि सभी शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का तुरंत उचित निपटारा करवाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने कार्यालयों में अवकाश स्वीकृत करने के लिए इंट्रा हरियाणा शुरू करें तथा सभी फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से चलाये।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विभिन्न शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी नियमित रूप से सीएम विंडो व अन्य शिकायत पोर्टलों का अवलोकन करें तथा इन पोर्टल पर शिकायत प्राप्त होते ही आवश्यक कार्यवाही करें। सरकार द्वारा सभी पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के निपटारे की निरंतर समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों की सबसे ज्यादा पुरानी शिकायतों का आज ही निपटारा करवाना सुनिश्चित करें। शिकायतों का निपटारा करवाते समय संबंधित नागरिक से भी संवाद करें।
उपायुक्त ने सभी विभागों के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिये कि वे समाधान शिविरों में स्वयं उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि इन शिविरों में प्राप्त हो रही शिकायतों के निपटारे के लिए मौके पर ठोस कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार द्वारा शुरू किए गए इंट्रा हरियाणा तथा ई-ऑफिस को अपने कार्यालयों में शीघ्र शुरू करवाये और अवकाश के लिए केवल इंट्रा हरियाणा के माध्यम से ही कार्यवाही करें। इसी तरह अपने कार्यालयों में ई-ऑफिस शुरू करवाये तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से चलाई जाये। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी एक अप्रैल से अवकाश के लिए केवल इंट्रा हरियाणा के माध्यम से ही अपना आवेदन करें। अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के अवकाश के लिए भी इंट्रा हरियाणा प्रयोग करें।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह नगराधीश अंकित कुमार, डीआरओ प्रमोद चहल, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीईईओ दिलजीत सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

