उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों की वर्ष 2024-25 की सभी लंबित शिकायतों के तुरंत निपटारे के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वर्ष 2024-25 की समाधान शिविरों की सभी लंबित शिकायतों का तुरंत उचित निपटारा करना सुनिश्चित करें। सभी विभागों से संबंधित नागरिकों की समस्याओं के एक छत के नीचे शीघ्र निपटारे के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई करते हुए कहा कि यदि किसी विभाग की समाधान शिविरों की वर्ष 2024-25 के दौरान कोई शिकायत लंबित है तो अधिकारी तुरंत ऐसी शिकायतों का स्थाई निपटारा करना सुनिश्चित करें। अधिकारी नागरिकों की समस्या का समाधान करते समय संबंधित नागरिक से भी जरूर बात करें।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग द्वारा इसके निपटारे की प्रक्रिया शुरू की जाए ताकि जल्द से जल्द नागरिकों की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सभी विभागों से संबंधित नागरिकों की हर शिकायत का एक छत के नीचे तुरंत निदान करने के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला मुख्यालय के अलावा उपमंडल मुख्यालयों सांपला एवं महम में भी समाधान शिविर आयोजित किए गए तथा उच्चाधिकारियों द्वारा इन शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगराधीश अंकित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीएमसी जितेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

