डीसी सचिन गुप्ता ने श्रमिकों के विवरण बारे मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए
हर माह जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने उद्योगों और फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों का मासिक ब्यौरा लेने के निर्देश दिए हैं।
कैंप कार्यालय में श्रम विभाग की योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मासिक रिपोर्ट में यह विवरण होना चाहिए कि संबंधित उद्योग अथवा फैक्ट्री में कितने श्रमिक काम कर रहे हैं। उनमें से प्रवासी श्रमिकों की संख्या कितनी है। इसके साथ ही इस रिपोर्ट में घायल श्रमिकों का भी विवरण होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जो उद्योग अथवा फैक्ट्री संचालक मासिक रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करता तो उसे नोटिस जारी किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के सभी बच्चों के स्कूलों में दाखिले करवाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिये कि श्रम विभाग औद्योगिक संगठनों के साथ मिलकर हर महीने कम से कम चार जागरूकता शिविर आयोजित कर मजदूरों को सरकार की योजनाओं व उनके अधिकारों की जानकारी दी जाए और उनके स्वास्थ्य की भी जांच की जाए।
उपायुक्त ने बैठक में चाइल्ड लेबर व बंधुआ मजदूरी के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने लघु उद्योगों व फैक्ट्रियों में क्रेच व पेयजल आदि सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में खनन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि ट्रैकों की नियमित रूप से जांच की जाए। खनन सामग्री ले जाने वाले ट्रकों के पास सभी जरूरी कागजात होना जरूरी है। बैठक में डीडीपीओ राजपाल चहल, विकास हुड्डा, सहायक श्रम आयुक्त राहुल, बलराज कुंडू सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
Girish Saini 

