डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला तथा उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों के सुचारू संचालन एवं प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
डीसी सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया अथवा अन्य स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता को भी प्रगति से अवगत कराया जाए।
उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविरों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनें तथा उनके समाधान के लिए समन्वित एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं।
जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में डीएसपी दलीप सिंह व डीडीपीओ राजपाल चहल सहित अन्य अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध उचित निपटारा करें। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


