उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविर की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए

जमीनी स्तर पर शिकायतों के समाधान की पुष्टि के लिए शुरू होगी नई व्यवस्था।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविर की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे समाधान शिविर में प्राप्त हो रही शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र निपटाये। अधिकारी नागरिकों की समस्याओं के निपटारे के समय सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं तथा संबंधित नागरिक से भी संवाद करें ताकि स्थायी समाधान किया जा सके।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हर सोमवार व वीरवार को जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। इन शिविरों में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए कार्यवाही करते है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर समाधान की पुष्टि के लिए जिला प्रशासन द्वारा नई व्यवस्था के तहत जिला स्तर पर एक कॉलिंग सेल स्थापित किया जा रहा है, जो शिकायतों के निस्तारण के उपरान्त सीधे शिकायतकर्ताओं से संपर्क करेगा। कॉलिंग सेल के प्रमुख कार्य में शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर समाधान की पुष्टि करना, नागरिकों की संतुष्टि का स्तर दर्ज करना, आवश्यक होने पर मामलों को पुन: खोलना या सुधारात्मक कार्रवाई करना व शिकायतों की पुनरावृत्ति को कम करना होगा।

उपायुक्त के निर्देशानुसार समाधान शिविर में नगराधीश अंकित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह, डीडीपीओ राजपाल चहल एवं डीआरओ प्रमोद चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार इन समस्याओं का समाधान करवाने के निर्देश दिये। इस दौरान डीएमसी जितेंद्र सिंह, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल, जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला मुख्यालय के अलावा सांपला व महम उपमंडल मुख्यालयों पर भी संबंधित उपमंडलाधीशों की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किये गए। सांपला में एसडीएम उत्सव आनंद तथा महम में एसडीएम विपिन कुमार ने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी।