प्रतिबंधित दवाओं को लेकर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए

नशे के विरुद्ध जिला प्रशासन ने अपनाई जीरो टॉलरेंस नीति।

प्रतिबंधित दवाओं को लेकर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर पर निरंतर रेड की जाए। जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गत दिनों स्थानीय जींद बाईपास पर औषधि नियंत्रण विभाग की रेड के दौरान एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाएं प्राप्त हुई थी, जिसे विभाग द्वारा मौके पर सील कर दिया गया तथा आवश्यक आगामी कार्रवाई भी की गई।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों के साथ एन-कोर्ड की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ ये अभियान जारी रहेगा तथा प्रतिबंधित दवाएं बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नशे की आपूर्ति, तस्करी और सेवन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई कर रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि 1 जनवरी 2025 से 9 फरवरी 2025 की अवधि में जहां 22 एनडीपीएस मामले दर्ज हुए और 48 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई, वहीं 1 जनवरी 2026 से 9 फरवरी 2026 के दौरान यह संख्या घटकर 10 मामले और 18 गिरफ्तारियों तक सीमित रही है। इसी प्रकार वाणिज्यिक मात्रा से संबंधित मामलों में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत नशा तस्करों की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत 44 संपत्ति कुर्की प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी को भेजे गए, जिनमें से 43 प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं। इसके तहत लगभग 6 करोड़ 76 लाख 98 हजार 204 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है तथा एक प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला में नशीले पदार्थों के मुख्य सप्लायरों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एएनएम/एमपीएचडब्ल्यू/आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से नशा पीड़ितों की पहचान कर सर्वे कराया जाए तथा तैयार डाटा को प्रयास ऐप पर अपलोड किया जाए। साथ ही सभी नशा मुक्ति केंद्रों की जांच कर अवैध रूप से संचालित केंद्रों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पीजीआईएमएस रोहतक के नशा मुक्ति केंद्र सहित अन्य केंद्रों में सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में भी नशा तस्करों, सप्लायरों और नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि नशा मुक्त रोहतक के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक गुलाब सिंह, महम के एसडीएम विपिन कुमार शर्मा, ड्रग कंट्रोलर मनदीप मान, जिला न्यायवादी सुरेंद्र पाहवा, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।