डीसी सचिन गुप्ता ने जल संचय-जनभागीदारी कार्यक्रम की गतिविधियों को पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए

डीसी सचिन गुप्ता ने जल संचय-जनभागीदारी कार्यक्रम की गतिविधियों को पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जल शक्ति अभियान के तहत चलाये जा रहे जल संचय-जनभागीदारी कार्यक्रम के संदर्भ में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों को जल संचय पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्देश दिए गए है कि संबंधित विभाग इस पोर्टल पर जल संचय से संबंधित गतिविधियों का डेटा जल अपलोड करवाये।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जल संचय-जन भागीदारी अभियान के संदर्भ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जल शक्ति अभियान के तहत केंद्र सरकार के जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से शुरू किये गए जल संचय-जन भागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत जिला में जल संरक्षण के निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए गंभीरता से कार्य करें। यह पहल जल संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि जल संचय जन भागीदारी के माध्यम से वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण एवं जल भंडारण क्षमता में वृद्धि पर विशेष बल दिया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा वीबी जी राम जी में जल संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। इस अभियान का संदेश है कि जल संचय जनभागीदारी से ही मुमकिन है। यह केवल एक नीति नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास, उत्तरदायित्व और भविष्य की जल सुरक्षा का संकल्प है। अपलोड की जाने वाली संरचनाओं की प्रारंभ एवं पूर्णता तिथि 1 जून 2025 से 31 मई 2026 के मध्य होनी चाहिए तथा सभी फोटो जियो-टैग्ड हों।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगराधीश अंकित कुमार, डीआरओ प्रमोद चहल, डीडीपीओ राजपाल चहल, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राजीव राठी व हाइड्रोलॉजिस्ट दलबीर राणा, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव व संदीप सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।