उपायुक्त सचिन गुप्ता ने एलपीजी की कालाबाजारी व जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

कहा, एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू, अफवाहों पर ध्यान न दें।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने एलपीजी की कालाबाजारी व जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू एवं पर्याप्त है तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रसोई गैस को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही भ्रमित हों।

उपायुक्त सचिन गुप्ता कहा है कि जिला प्रशासन गैस की प्राप्ति एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखे हुए है। इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के दो नोडल अधिकारियों के साथ-साथ प्रत्येक ब्लॉक में इंस्पेक्टर एवं सब-इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है, जो गैस एजेंसियों पर जाकर वितरण की निगरानी कर रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनधिकृत उपयोग में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में छापेमारी के निर्देश जारी किए जा चुके हैं और अब तक करीब 60 गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।

उपायुक्त ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर लें और अनावश्यक भंडारण से बचें। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर एक परिवार को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को जिला की 35 गैस एजेंसियों पर लगभग 16 हजार सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था, जिनमें से 8,276 सिलेंडर उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर वितरित किए गए।