डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविर की हर शिकायत के यथाशीघ्र उचित निपटान के निर्देश दिए

शिकायतों के स्थायी समाधान के उद्देश्य से कॉलिंग सेल शुरू।

डीसी सचिन गुप्ता ने समाधान शिविर की हर शिकायत के यथाशीघ्र उचित निपटान के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे समाधान शिविरों में प्राप्त हर शिकायत का यथाशीघ्र उचित निपटारा करें। जिला प्रशासन द्वारा शिकायतों के स्थायी समाधान के लिए कॉलिंग सेल स्थापित किया गया है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशानुसार समाधान शिविरों की हर समस्या के स्थाई समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाये गए है तथा प्रशासन द्वारा निरंतर शिकायतों के निपटारे की समीक्षा की जा रही है। अधिकारी शिकायत का निपटारा करते समय उचित टिप्पणी दर्ज करें तथा निर्धारित प्रोफार्मा में जवाब भिजवाये।

उपायुक्त के निर्देशानुसार नगराधीश अंकित कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, डीआरओ प्रमोद चहल, डीडीपीओ राजपाल चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के निपटारे बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाधान शिविर में डीएमसी जितेंद्र सिंह, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, डीईईओ दिलजीत सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, डॉ. सतपाल, जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला मुख्यालय के अलावा सांपला व महम उपमंडल मुख्यालयों पर भी समाधान शिविर आयोजित किए गए। सांपला में एसडीएम उत्सव आनंद ने नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा अधिकारियों को समाधान शिविरों की हर शिकायत के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। महम में एसडीएम विपिन कुमार ने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी। समाधान शिविर में तीन शिकायतें प्राप्त हुई, जिनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।