डीसी सचिन गुप्ता ने बरसात से पहले सभी बाढ़ बचाव कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए
जलभराव रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए जिला के किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बाढ़ बचाव एवं जल निकासी व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिन स्थानों से पूर्व में कंट्रोल रूम के माध्यम से जलभराव की शिकायत प्राप्त हुई थीं, उन संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सभी ड्रेनों की समयबद्ध सफाई एवं गाद निकालने के निर्देश दिए। साथ ही जल निकासी के लिए आवश्यक पंप सेटों तथा बिजली कनेक्शनों की अग्रिम योजना तैयार करने को कहा। बिजली विभाग को निर्देश दिए गए कि जरूरत पड़ने पर पंप सेटों को तत्काल बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की तैयारी अभी से पूरी कर ली जाए।
उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को निगम क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में जल निकासी के लिए आवश्यकता अनुसार पंप सेट खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने तथा तालाबों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक वर्षा होने पर अतिरिक्त पानी का भंडारण किया जा सके। उन्होंने रोहतक लिंक ड्रेन की सफाई के लिए सिंचाई विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा नगर निगम को सुपर सकर मशीन के माध्यम से सीवर लाइनों और नालों की व्यापक सफाई करने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत एवं नमिता सिंह, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता शिवराज, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता सतपाल, डीआरओ मनवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

