डीसी सचिन गुप्ता ने सडक़ स्वामित्व एजेंसियों को मॉनसून सीजन से पूर्व सडक़ों की मरम्मत, पैच वर्क एक हफ् में पूरा कराने के निर्देश दिए

सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की निर्माण गति तेज करने के भी निर्देश।

डीसी सचिन गुप्ता ने सडक़ स्वामित्व एजेंसियों को मॉनसून सीजन से पूर्व सडक़ों की मरम्मत, पैच वर्क एक हफ् में पूरा कराने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सडक़ स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मॉनसून सीजन से पूर्व सडक़ों की मरम्मत, पैच वर्क इत्यादि के कार्यों को एक सप्ताह में पूर्ण करवाये। उन्होंने स्टॉर्म वाटर सीवर की सफाई सुनिश्चित करवाने के बी निर्देश दिए ताकि जलभराव न हो। जिला में सडक़ सुरक्षा के सभी प्रबंध सुनिश्चित किये जाये। सुरक्षा प्रबंधों की कमी की वजह से किसी दुर्घटना में जन हानि नहीं होनी चाहिए।

जिला सडक़ सुरक्षा समिति (डीआरएससी) एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी मॉनसून सीजन के दृष्टिïगत सडक़ों की मरम्मत व पैच वर्क के कार्य को आगामी एक सप्ताह में पूर्ण करवाये तथा कोई भी कार्य रूकना नहीं चाहिए। सडक़ों के किनारे बनाये गए स्टॉर्म वाटर सीवर की सफाई करवाना सुनिश्चित किया जाये ताकि सडक़ों के किनारे जलभराव न हो। बैठक में सडक़ सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक उपायों तथा पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियां को सख्त निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाये कि इन राजमार्गों की लाइटें दुरुस्त हो। वन विभाग द्वारा मॉनसून सीजन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ पौधारोपण की योजना तैयार की जाये। स्थानीय सुखपुरा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि इस फ्लाईऑवर के निर्माण की गति को बढ़ाया जाये ताकि शहरवासियों को मॉनसून सीजन के दौरान असुविधा न हो। उन्होंने आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल को इस निर्माणाधीन फ्लाईऑवर का दौरा करने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि जिला में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। गत मई माह के दौरान विभिन्न यातायात उल्लंघनों पर 7,781 चालान किए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें तथा प्रत्येक बैठक में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस द्वारा ऑवर स्पीड तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान बढ़ाये जाये। शहर के प्रवेश व निकास द्वारों पर सुबह-शाम गस्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग न करने वाले नागरिकों/ कर्मचारियों के सरकारी भवनों/कार्यालयों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाये। 

बैठक में नगर निगम, पुलिस विभाग, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत कार्य प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। महम के एसडीएम विपिन कुमार व अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े। इस दौरान एएसपी आयुष यादव, आरटीएसचिव वीरेंद्र सिंह ढुल के अलावा एनएचएआई, एचएसवीपी, लोक निर्माण विभाग, एचएसआईआईडीसी, एचएसएएमबी, नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।