डीसी सचिन गुप्ता ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को उपायुक्त ने दी श्रद्धांजलि।
रोहतक, गिरीश सैनी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने एमडीयू के गेट नंबर-1 स्थित राज्यस्तरीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल 27 वर्ष पूर्व मिली ऐतिहासिक विजय को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि शहीदों की गौरव गाथा और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है, ताकि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिले और वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उपायुक्त ने कहा कि देश सेवा केवल सीमाओं पर तैनात सैनिक ही नहीं करते, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने-अपने दायित्व का ईमानदारी, निष्ठा और राष्ट्र हित की भावना से निर्वहन करके भी देश की सेवा कर सकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करे तो वह भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब कोई सैनिक देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में सेवा करता है, तब उसके साथ उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र सेवा में सहभागी होता है। ऐसे सभी वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों और उन परिवारों को उनका शत-शत नमन है, जिन्होंने राष्ट्र को ऐसे वीर सपूत दिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में करियर के लिए प्रेरित करने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। एमडीयू के सहयोग से चलाए जा रहे एसएसबी मार्गदर्शन कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने अग्निवीर योजना तथा एसएसबी के माध्यम से अधिकारी बनने जैसी संभावनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने पर भी बल दिया।
इस दौरान वीरता पदक विजेता सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरबीर सिंह, सेवानिवृत्त पेटी ऑफिसर महावीर सिंह, सेवानिवृत्त नायक समुंदर सिंह, वीर माता इन्द्रावती (शहीद सिपाही जसबीर सिंह की माता), वीर नारियाँ सुलेखा (शहीद नायक सुरेश कुमार की धर्मपत्नी), सुनीता (शहीद नायक जसवीर सिंह की धर्मपत्नी) एवं राजपति (शहीद नायक कृष्ण लाल की धर्मपत्नी) को सम्मानित किया गया।
इस दौरान एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया, जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड की अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग, एमडीयू कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, कल्याण व्यवस्थापक नरेश कुमार, रविन्द्र, दिनेश कुमार सहित अय गणमान्य जन मौजूद रहे।
Girish Saini 

