डीसी सचिन गुप्ता ने मतदाता सूची को पारदर्शी व त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों से सहयोग का आह्वान किया
14 जुलाई तक बीएलओ को अनिवार्य रूप से जमा करें मतदाता सत्यापन प्रपत्र।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची को पारदर्शी, सटीक एवं त्रुटि रहित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल रहे तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान जो मतदाता अपने पते पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट पाए जाते हैं, उन्हें एएसडीडी श्रेणी में शामिल किया जाता है। ऐसे मामलों में निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाती है।
डीसी सचिन गुप्ता ने कहा कि बीएलओ द्वारा तैयार की गई एएसडीडी सूची राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट-1 (बीएलए-1) तथा बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) के साथ साझा की गई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि उनके एजेंट अपने-अपने क्षेत्र एवं बूथ के अनुसार सूची का गहन परीक्षण कर निर्धारित समय में अपनी आपत्तियां एवं सुझाव उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाया जा सके। उन्होंने जानकारी दी कि बीएलए-1 की नियुक्ति विधानसभा स्तर पर तथा बीएलए-2 की नियुक्ति बूथ स्तर पर की गई है, जिससे सत्यापन प्रक्रिया अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से भी अपील की कि वे 14 जुलाई तक अपने-अपने बीएलओ को आवश्यक प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करा दें, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर मतदाता सूची का डिजिटलीकरण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले प्रपत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इस दौरान रोहतक से विधायक भारत भूषण बत्तरा, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक सहित विभिन्न पार्टियों के बीएलए 1 मौजूद रहे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत चारों विधानसभाओं की तैयार की गई टेंटेटिव एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत व डुप्लीकेट) सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) को उपलब्ध करवाई गई।
सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत तैयार की गई चारों विधानसभाओं की टेंटेटिव सूची आज स्थानीय एमडीयू के टैगोर सभागार में बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ स्तर अधिकारियों को उपलब्ध करवाई गई और आगामी आवश्यक निर्वाचन संबंधी कार्यवाही के बारे में जानकारी भी दी गई।
चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक ने कहा कि बूथ स्तर एजेंट इस सूची में सम्मिलित मतदाताओं के नामों की पड़ताल करें ताकि केवल अपात्र व्यक्तियों के नाम ही मतदाता सूचियों से हटाये जा सके। उन्होंने बूथ स्तर एजेंटों का मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के लिए पूर्ण सहयोग करने बारे आह्वान किया।
Girish Saini 


