डीसी सचिन गुप्ता ने जल शक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया

तालाबों, कुओं व जल स्रोतों का होगा कायाकल्प।

डीसी सचिन गुप्ता ने जल शक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जल शक्ति अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दिए गए निर्देशों के उपरांत अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि यह अभियान पानी की बर्बादी रोकने और आने वाली पीढय़िों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि आम नागरिकों, किसानों और महिलाओं की भागीदारी से इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना होगा।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के सभी जल स्रोतों के कायाकल्प के निर्देश देते हुए कहा कि पारंपरिक तालाबों, कुओं व अन्य जल निकायों की सफाई कर उन्हें पुनर्जीवित किया जाए। उन्होंने जिला के शेष बचे सभी सरकारी भवनों पर रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संचयन के लिए निजी क्षेत्र में भी रूफटॉप वॉटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर लगाए जाने चाहिए और साथ ही सभी पार्कों में वर्षा जल संचयन हेतु टैंक स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जल शक्ति अभियान तथा जल संचय जन भागीदारी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक गांव में रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उद्योगों, स्थानीय निकायों, एनजीओ व सीएसआर संसाधनों के माध्यम से सहयोग जुटाकर जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।

इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल शक्ति अभियान के तहत जल संचय जन भागीदारी एवं जल संरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने अभियान को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में जल संचय जनभागीदारी 2.0 पोर्टल पर जिलों की प्रगति, जल शक्ति अभियान-2025 के अंतर्गत गतिविधियों की स्थिति तथा केंद्र सरकार द्वारा जारी अनुदान राशि की उपयोगिता प्रमाण पत्र की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, डीडीपीओ राजपाल चहल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राजीव राठी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार, वन विभाग के राकेश गुलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।