उपायुक्त सचिन गुप्ता ने किया जनगणना 2027 के कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करने का आह्वान

जिला प्रशासन ने जनगणना के लिए किए सभी आवश्यक प्रबंध।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने किया जनगणना 2027 के कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करने का आह्वान

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने प्रगणकों का आह्वान किया कि वे जनगणना के राष्ट्र निर्माण के कार्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करें। देश में जारी डिजिटल जनगणना 2027 के आंकड़ों के आधार पर ही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाएं तैयार होगी। प्रगणक जनगणना के कार्य को महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सही आंकड़े दर्ज करें। विद्यालयों में स्व-गणना के लिए विद्यार्थियों को जागरूक करें ताकि सभी विद्यार्थियों के परिजन अपने परिवारों की स्वयं गणना के कार्य को कर सके।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जनगणना 2027 में तैनात किए गए प्रगणकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रगणक जनगणना के प्रशिक्षण को रुचि पूर्वक ग्रहण करें ताकि जनगणना के आसान कार्य को निर्धारित समय में पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। देश की प्रगति में जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनगणना के इस महापर्व में प्रगणकों के साथ-साथ जिला के सभी नागरिक भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए 30 अप्रैल तक स्व-गणना के चरण में अपने परिवार की विस्तृत जानकारी दर्ज करें। इसके उपरांत एक आईडी जनरेट होगी तथा प्रगणक आसानी से इस आईडी में दर्ज की गई सूचना का सत्यापन कर सकेंगे और जनगणना का कार्य शीघ्र संपन्न हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की जनगणना 2027 की प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल के साथ शुरू हो गई है, जिसके तहत आगामी 30 अप्रैल 2026 तक सभी नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। रोहतक के नागरिक अब आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन अपनी जनगणना संबंधी जानकारी आसानी से भर सकते हैं। इसके बाद 1 से 30 मई 2026 तक हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना का चरण चलेगा, जिसमें गणना कर्ता घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। जनसंख्या गणना का अंतिम चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। प्रशिक्षित गणना कर्ता और पर्यवेक्षक फील्ड सत्यापन का कार्य करेंगे, जिन्हें मजबूत मॉनिटरिंग एवं समन्वय प्रणाली का समर्थन प्राप्त होगा। जनता की सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन (1855) उपलब्ध रहेगी। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में भाग लें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के दौरान सतर्क रहे। स्व-गणना में किसी भी प्रकार का पहचान पत्र (आधार, वोटर आईडी आदि) आवश्यक नहीं है। अपना ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध या अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। सही और पूर्ण जानकारी प्रदान करें।

इस दौरान एसडीएम आशीष कुमार ने प्रगणकों को जनगणना के संदर्भ में आवश्यक हिदायत दी। इस मौके पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, डीईओ मनजीत मलिक, डीईईओ दिलजीत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रगणक मौजूद रहे।