डीसी सचिन गुप्ता ने अभिभावकों से 14 से 15 आयु वर्ग की किशोरियों को एचपीवी टीका लगाने की सहमति देने की अपील की
किशोरियों में सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में लग रहा मुफ्त एचपीवी टीका।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नागरिकों का आह्वान किया कि वे किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत टीका लगवाने की सहमति प्रदान करें। सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल संचालक इस बारे में अभिभावकों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है तथा किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में मुफ्त लगाया जा रहा है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने स्कूल संचालकों/प्राचार्यों से संवाद करते हुए कहा कि ये टीका स्वैच्छिक है तथा सहमति प्रदान करने वाले अभिभावकों की किशोरियों को ही टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों को एचपीवी टीकाकरण के बारे में जागरूक किया जा रहा है ताकि वे 14 से 15 वर्ष आयु की अपनी बेटियों को इस बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण करवा सके। यह टीका केवल सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में मुफ्त लगाया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि स्कूल संचालक अभिभावक-अध्यापक बैठक के दौरान स्कूल में आने वाले अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण करवाने बारे जागरूक करें। स्कूल पीटीएम का निर्धारित कार्यक्रम भी साझा करें ताकि स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ मौके पर जाकर अभिभावकों की भ्रांतियों को दूर कर सके। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण के बारे में नागरिकों का विश्वास बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को सर्वप्रथम लक्षित आयु वर्ग की अपनी किशोरियों का टीकाकरण करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों को भी इस बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं क्योंकि वे जिला प्रशासन व अभिभावकों के मध्य संवाद का माध्यम है।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र ने कहा कि सभी लक्षित किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सप्लाई चेन बनाए रखने के उद्देश्य से 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को इस अभियान के तहत टीकाकरण के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में एचपीवी की लगभग 15 हजार डोज लगाई जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की इस आयु वर्ग की किशोरियों को भी एचपीवी टीका लगाया जा चुका है।
रोहतक जिले की टीकाकरण प्रभारी डॉ. प्रतिभा ने एचपीवी टीकाकरण के संदर्भ में कहा कि यह टीकाकरण किशोरियों में सर्विकल कैंसर के बचाव के लिए लगाया जा रहा है। यह टीका पूर्णतया सुरक्षित है तथा सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में भी डॉक्टरों की देखरेख में लगाया जा रहा है। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस विशाल सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, डीईओ मंजीत मलिक, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल सहित विभाग के अन्य अधिकारी व निजी स्कूल संचालक/प्राचार्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

