उपायुक्त ने सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ नागरिकों की समस्याओं का निपटारा करने के निर्देश दिए
जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों में सुनी नागरिकों की समस्याएं।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समाधान शिविरों की शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ शीघ्र निपटारा करें। शिकायत का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद करें तथा उन्हें विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट करें ताकि शिकायतों का स्थाई समाधान हो सके।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नागरिकों की हर समस्या का एक छत के नीचे तुरंत निदान करने के उद्देश्य से हर सोमवार व वीरवार को जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे है। इन शिविरों में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहे है।
जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में नगराधीश अंकित कुमार एवं डीआरओ प्रमोद चहल ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की समस्याओं का जल्द निपटारा करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी निर्धारित प्रोफार्मा में रिपोर्ट भिजवाये।
सांपला में एसडीएम उत्सव आनंद ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। महम में एसडीएम विपिन कुमार ने समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के निपटारे बारे निर्देश दिये।

Girish Saini 

