नीट (यूजी) परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए उपायुक्त ने

21 जून को दोबारा होने वाली नीट परीक्षा के लिए रोहतक जिले में बनाये 17 परीक्षा केंद्र।

नीट (यूजी) परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए उपायुक्त ने

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नीट (यूजी) 2026 की दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध किये गए है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा 21 जून को दोपहर बाद 2 से 5:15 बजे तक ऑफलाइन मोड में इस परीक्षा का दोबारा आयोजन कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो तथा एनटीए द्वारा जारी हिदायतों के अनुरूप परीक्षा का आयोजन करवाया जाए।

नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए किये गए प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि नीट की परीक्षा के लिए जिला में 17 परीक्षा केंद्र बनाये गए है। इस बार एनटीए द्वारा परीक्षा समय को 15 मिनट और बढ़ाया गया है तथा दिव्यांग अभ्यार्थियों के लिए एक घंटा अतिरिक्त समय दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को प्रशिक्षण दिलवाया जाये ताकि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की सभी हिदायतों का पालन हो सके। अधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ इस परीक्षा का निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से आयोजन सुनिश्चित करवाये।

उपायुक्त ने कहा कि इस परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र पुलिस सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाये जायेंगे। यह वाहन बिना रुके संबंधित परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र पहुंचाएंगे तथा वीडियोग्राफी भी करवाई जायेगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए किए गए प्रबंधों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एनटीए की हिदायतों अनुसार परीक्षा के दौरान ओएमआर सीट इत्यादि की पैकिंग करवाई जाये तथा इस कार्य की वीडियोग्राफी करवाना भी सुनिश्चित किया जाये।

उपायुक्त ने नगर निगम की संयुक्त आयुक्त से कहा कि वे मॉडल स्कूल के साथ क्षतिग्रस्त सडक़ को दुरुस्त करवाये तथा हिसार रोड स्थित संबंधित स्कूल के आसपास पार्किंग के लिए जगह चिन्हित करें ताकि परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के वाहनों की पार्किंग की जा सके। परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था, बिजली, पानी, परिवहन तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने कहा कि केवल अधिकृत अधिकारी एवं परीक्षार्थियों को ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। एनटीए की हिदायतों के अनुसार परीक्षा केंद्र अधीक्षक के अलावा किसी को भी मोबाइल फोन या डिजिटल उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि एनटीए की हिदायतों के अनुसार पुलिस के दो जवानों की ड्यूटी परीक्षा केंद्रों की छत पर निगरानी व सुरक्षा के दृष्टिगत लगाई जायेगी।

बैठक में सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह तथा महम सहकारी चीनी मिल के एमडी मुकुंद तंवर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, घुसकानी गांव स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एसएस शेखावत, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्या परमजीत कौर सहित अन्य संबंधित अधिकारी व ड्यूटी पर तैनात स्टाफ मौजूद रहा।