डीसी ने जिला के सभी स्कूलों में प्राथमिक चिकित्सा व सीपीआर का प्रशिक्षण देने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रधान सचिन गुप्ता ने जिला रेडक्रॉस समिति के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में सभी स्कूलों के 8वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा एवं सीपीआर का प्रशिक्षण देने के लिए योजना तैयार की जाये। समिति द्वारा रक्तदान शिविरों की संख्या बढाई जाये तथा कॉलेजों में वॉलंटियर्स भी तैयार किये जायें।
उपायुक्त ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला में स्कूलों व कॉलेजों से लगभग 5 हजार वालंटियर तैयार किये जाये। महिला एवं बाल विकास विभाग की मदद से सलम एरिया में युवाओं की पहचान कर उन्हें होम नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाये ताकि वे केयर टेकर के रूप में कार्य कर आजीविका कमा सके तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को केयरटेकर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि समिति द्वारा गैर सरकारी संगठनों के साथ मिलकर रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाई जाए और 30 हजार यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य प्राप्त किया जाये ताकि जिला में हर जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त उपलब्ध करवाया जा सके। युवाओं को 8 दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण निरंतर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार जरूरतमंद युवाओं को होटल प्रबंधन संस्थान से प्रशिक्षण दिलवाया जाये।
उन्होंने कहा कि जिला में सिविल डिफेंस की टीम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला में अधिक से अधिक नागरिकों को नागरिक सुरक्षा कार्यक्रम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने समिति की आय व खर्च की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान रेड क्रॉस समिति के सचिव विकास, जिला प्रशिक्षण प्रभारी रवि दत्त, लेखाकार आशीष सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

