डीसी ने सांपला नगर पालिका के सामान्य चुनाव के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए

मतदान 10 मई को, 21 से 25 अप्रैल तक जमा किए जाएंगे नामांकन पत्र।

डीसी ने सांपला नगर पालिका के सामान्य चुनाव के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव 2026 की तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर पालिका सांपला (रोहतक) के प्रधान एवं सभी वार्डों के सदस्यों के सामान्य चुनाव आगामी 10 मई को होंगे। इसके लिए 21 से 25 अप्रैल 11 बजे से 3 बजे तक प्रधान एवं सदस्यों के पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नगर पालिका के सामान्य चुनाव की प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने सांपला में पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, सांपला की एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पंवार, महम सहकारी चीनी मिल के एमडी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी मुकुंद तंवर के साथ नगर पालिका के सामान्य चुनाव की तैयारियों का अवलोकन किया। चुनाव तैयारियों के अवलोकन के उपरांत उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों की बैठक ली तथा उन्हें चुनाव बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नगर पालिका के प्रधान पद एवं सदस्यों के पदों के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए 5 टीमें गठित करें ताकि नामांकन पत्र दाखिल करने वालों को सुविधा हो। प्रधान पद के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए एक टीम तथा सदस्यों के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए 4 टीमें गठित की गई है।

उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। प्रधान पद के लिए उपमंडलाधीश न्यायालय में नामांकन पत्र जमा किए जायेंगे तथा सदस्यों के पदों के लिए तहसीलदार न्यायालय में नामांकन पत्र जमा किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि इन न्यायालयों में सीसीटीवी कैमरे लगवाये जाये तथा आवश्यकता अनुसार सभी आवश्यक प्रबंध किये जाये। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की हिदायतों अनुसार 5 हेल्प डेस्क स्थापित किये जाये। नगर पालिका के 16 वार्डों के सामान्य चुनाव के लिए 16 मतदान केंद्र स्थापित किये गए है, जिनमें से तीन लोकेशन अतिसंवेदनशील तथा दो लोकेशन संवेदनशील के रूप में चिन्हित की गई है। इन लोकेशन पर एक से ज्यादा मतदान केंद्र स्थापित किए गए है। बैठक में मतदान पार्टियों को चुनाव सामग्री वितरित करने, मतदान के उपरांत ईवीएम व अन्य चुनाव सामग्री जमा करवाने तथा मतगणना के लिए भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि नगर पालिका आम चुनाव के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाये। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव के लिए सेक्टर ऑफिसर भी तैनात किये जायेंगे। उन्होंने चुनाव तहसीलदार को निर्देश देते हुए कहा कि वे मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से मतदान स्लिप वितरित करवाने के लिए मतदान स्लिप तैयार करवाये। चुनाव ड्यूटी में तैनात स्टाफ को कम से कम तीन प्रशिक्षण प्रदान किये जाये।

नगर पालिका सांपला के प्रधान एवं सभी 16 वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए सांपला की एसडीएम अंकिता पंवार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। महम सहकारी चीनी मिल के एमडी मुकुंद कुमार को एक से 16 वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा प्रधान पद के चुनाव के लिए सांपला के नायब तहसीलदार अशोक कुमार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उम्मीदवार 21 से 25 अप्रैल तक प्रातः 11 से सायं 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके उपरांत 27 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा 28 अप्रैल को सुबह 11 से सायं 3 बजे तक उम्मीदवार नामांकन वापस लें सकेंगे। इसी दिन सायं 3 बजे के बाद चुनाव मैदान में बचे शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे तथा मतदान केंद्रों की सूची चस्पा की जाएगी। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 10 मई (रविवार) को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक नगर पालिका सांपला के सामान्य चुनाव के लिए मतदान होगा। 13 मई को प्रातः 8 बजे से निर्धारित स्थानों पर मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना संपन्न होने के तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार, चुनाव तहसीलदार सरला, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।