डीसी ने आपदा प्रबंधन एवं जन जागरूकता की गतिविधियों में भाग लेकर स्वयं व समाज को सुरक्षित बनाने में जिला प्रशासन के सहयोग का आह्वान किया

डीसी ने आपदा प्रबंधन एवं जन जागरूकता की गतिविधियों में भाग लेकर स्वयं व समाज को सुरक्षित बनाने में जिला प्रशासन के सहयोग का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में आपदा प्रबंधन एवं जन जागरूकता की गतिविधियां संचालित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे इन गतिविधियों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और आपदा से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी प्राप्त कर स्वयं एवं समाज को सुरक्षित बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 7वीं बटालियन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की एक विशेष टीम रोहतक पहुंची है, जो 2 मई 2026 तक विभिन्न गतिविधियों का संचालन करेगी। टीम का नेतृत्व टीम कमांडर रंजीत कुमार मिश्रा कर रहे है। इस दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन टीम द्वारा जिला की वल्नरेबिलिटी प्रोफाइल तैयार की जाएगी, जिससे संभावित आपदाओं के जोखिम का वैज्ञानिक आकलन कर प्रभावी आपदा प्रबंधन योजना बनाई जा सके। इसके साथ ही टीम द्वारा व्यापक स्तर पर समुदाय जागरूकता प्रोग्राम एवं स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने बताया कि ये टीम स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आमजन को आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले राहत एवं बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक करेगी। टीम द्वारा नागरिकों को आपदा की स्थिति में स्वयं एवं दूसरों को सुरक्षित रखने के प्रभावी तरीके बताये जायेंगे। इसके अतिरिक्त एनडीआरएफ टीम द्वारा जिला की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों एवं फैक्ट्रियों का दौरा कर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि किसी भी ऑन-साइट अथवा ऑफ-साइट आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके और प्रभावित लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।

उन्होंने बताया कि आपदा के समय बेहतर समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए ये टीम जिला प्रशासन के साथ-साथ राज्य आपदा प्रबंधन बल, आपदा मित्र, नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं सिविल डिफेंस के साथ भी समन्वय स्थापित करेगी।