बेटियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया
रोहतक, गिरीश सैनी। ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में गांव भापड़ौदा में स्थापित गर्ल्स लाइब्रेरी का पं भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं अध्यक्ष प्रो. ध्रुव चौधरी ने दौरा किया।
इस दौरान उनके साथ प्रतिष्ठित संचार कौशल विशेषज्ञ एवं एमडीयू के पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक सुनित मुखर्जी तथा पीआरओ पंकज नैन भी मौजूद रहे। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध संसाधनों, अध्ययन व्यवस्था और छात्राओं की प्रगति का अवलोकन किया।
प्रो. ध्रुव चौधरी ने लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद के दौरान उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल सकती है। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में भी बताया।
प्रतिष्ठित संचार कौशल विशेषज्ञ सुनित मुखर्जी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की लाइब्रेरियां सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव बन सकती हैं। ऐसे प्रयासों से बेटियों को न केवल बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलता है, बल्कि वे बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस भी जुटा पाती हैं।
समाजसेवी राजरूप राठी ने अतिथियों को लाइब्रेरी की स्थापना की कहानी से अवगत कराते हुए कहा कि ग्रामीण बेटियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ये पहल शुरू की गई है। यहां नियमित रूप से मार्गदर्शन सत्र, अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण उपलब्ध कराया जाता है।

Girish Saini 

