डी-पार्क आगजनी: मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख की आर्थिक सहायता
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय डी-पार्क क्षेत्र में दुकानों में लगी आग की दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को मंगलवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। सिंचाई विश्राम गृह में एसडीएम आशीष कुमार ने प्रभावित परिवारों को यह सहायता राशि सौंपी।
हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्डा ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के तहत प्रशासन की ओर से मंगलवार को चेक वितरित किए गए।
एसडीएम आशीष कुमार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
इस दौरान युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर ने कहा कि डी-पार्क की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह सहायता परिवारों के नुकसान की भरपाई तो नहीं कर सकती, लेकिन संकट की घड़ी में उनके साथ खड़े होने का प्रयास है। ग्रोवर ने बताया कि घटना के बाद डॉ. कृष्ण मिड्डा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। अब प्रशासन की ओर से सहायता राशि के चेक वितरित किए जा रहे हैं।
इस दौरान पूर्व पार्षद अशोक खुराना, पार्षद कपिल नागपाल, सहित उपस्थित अन्य लोगों ने हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Girish Saini 

