हरियाली तीज पर बीएमयू में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में हरियाली तीज के अवसर पर चिकित्सा एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान संकाय तथा मानविकी संकाय के भूगोल विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हरियाणवी लोक संस्कृति, पारंपरिक परिधानों, गीत-संगीत और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से तीज की खुशियां साझा की।
चिकित्सा एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान संकाय के कार्यक्रम में गायन, नृत्य, रैम्प वॉक और पतंग सजावट जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन सचिव डॉ. वैशाली और संयोजक डॉ. सोनिया सरोहा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए तीज के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष डॉ. चारू शर्मा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
मानविकी संकाय के भूगोल विभाग में हरियाणवी लोकगीत, क्विज और मेहंदी प्रतियोगिता हुई। कुलपति डॉ. बी.एम. यादव ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विभागाध्यक्ष डॉ. सतवीर सिंह और अधिष्ठाता डॉ. ब्रह्म प्रकाश ने तीज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
क्विज में अजय-प्रीति प्रथम, पूनम-सुशील दूसरे और मीनू तीसरे स्थान पर रहे। मेहंदी में आरती-पूनम प्रथम, प्रियंका दूसरे तथा मोनिका-पूजा तीसरे स्थान पर रहे। लोकगीत में रेणु ने प्रथम, पूनम ने दूसरा और सोनू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. प्रवेश, डॉ. पुष्पा और डॉ. मीनू शर्मा शामिल रहे।

Girish Saini 

