एमडीयू के नौवें पुस्तक मेले में उमड़ रही पुस्तक प्रेमियों की भीड़, जीवनी साहित्य की रही सर्वाधिक मांग
60 प्रकाशन समूहों ने सजाए स्टॉल, दूसरे दिन हजारों लोगों ने किया पुस्तकों का अवलोकन
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में आयोजित नौवें पुस्तक मेले में दूसरे दिन पुस्तक प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। विवि के प्राध्यापकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, गैर शिक्षक कर्मचारियों के साथ शहर के पुस्तक प्रेमियों ने भी मेले में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विशेष रूप से युवा पाठकों में महान व्यक्तित्वों की जीवनियों से जुड़ी पुस्तकों को लेकर खासा आकर्षण देखने को मिला।
विवेकानंद पुस्तकालय के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) सहित करीब 60 प्रकाशन समूहों एवं पुस्तक विक्रेताओं ने अपने स्टॉल लगाए हैं। यहां साहित्य, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, प्रबंधन, विधि, इतिहास, राजनीति विज्ञान, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस और पत्रकारिता समेत विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध हैं। बाल साहित्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकों में भी पाठकों ने रुचि दिखाई।
विवि लाइब्रेरियन डॉ. सतीश मलिक ने बताया कि मेले के दूसरे दिन हजारों लोगों ने पुस्तकों का अवलोकन किया। संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी, पुस्तकालय कर्मी और विवि के सेवानिवृत्त शिक्षक भी मेले में पहुंचे। पुस्तकालय कर्मियों ने आयोजन में सहयोग दिया। यह पुस्तक मेला 20 नवंबर को संपन्न होगा।

Girish Saini

