दीपों की रोशनी में चमकी रचनात्मकता, उद्यमशीलता का संदेश दे गया जीजेयू का प्रकाश 2.0

दीपों की रोशनी में चमकी रचनात्मकता, उद्यमशीलता का संदेश दे गया जीजेयू का प्रकाश 2.0

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के भौतिकी विभाग में फिजिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में दो दिवसीय सांस्कृतिक एवं तकनीकी महोत्सव प्रकाश 2.0 आयोजित किया गया। दीपों और मोमबत्तियों से सजे विभागीय परिसर में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और संगठनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।

महोत्सव में हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं, आभूषणों और खाद्य पदार्थों की स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने इनके माध्यम से उद्यमशीलता और स्वरोजगार की संभावनाएं प्रदर्शित कीं। ऑन-द-स्पॉट पोस्टर प्रतियोगिता में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और युवा सशक्तीकरण के संदेश दिए गए। मेहंदी और मनोरंजक खेलों में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को सम्मानित किया गया।

विभागाध्यक्ष प्रो. आरएस कुंडू सहित शिक्षकों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करते हैं।