आधुनिकता और परंपरा के संतुलन से ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभवः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
कर्मयोगी साधना सप्ताह के विषय पर विशेष संवाद आयोजित।
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। कर्मचारी और अधिकारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों में स्वयं को दक्ष बनाएं तथा आई-गोट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक प्रशिक्षण प्राप्त करें, ताकि अपनी कार्यक्षमता को और सुदृढ़ किया जा सके। ये बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वे संस्थान में रेडियो ग्रामोदय 90.4 एफएम के माध्यम से राम-राम हरियाणा कार्यक्रम में श्रोताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान देशभर में 2 से 8 तारीख तक मनाए जा रहे कर्मयोगी साधना सप्ताह के विषय पर विशेष संवाद आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों और रेडियो श्रोताओं से सीधा संवाद किया गया।
डॉ. चौहान ने कहा कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को जहां नई तकनीकों में पारंगत होकर सेवाभाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए, वहीं भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने आधुनिकता और परंपरा के समन्वय पर बल देते हुए कहा कि इसी संतुलन के माध्यम से एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि आज का समय तेजी से बदलती तकनीकों का है, जहां प्रत्येक सरकारी अधिकारी और कर्मचारी के लिए यह अनिवार्य हो गया है कि वे स्वयं को निरंतर अपडेट रखें। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस और नई सूचना प्रौद्योगिकियां केवल कार्य को आसान बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि पारदर्शिता, गति और प्रभावशीलता को बढ़ाने का सशक्त साधन भी हैं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे आई-गोट जैसे प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करते हुए अपनी क्षमता और दक्षता को विकसित करें। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति के साथ-साथ मानवीय मूल्यों, नैतिकता और भारतीय ज्ञान परंपरा को आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सेवा कार्य केवल दायित्व न रहकर जनहित और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन सके।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कलामपुरा के सरपंच रणजीत सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए ग्रामीण विकास में जनभागीदारी और जागरूकता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान ग्राम सचिव प्रीति, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान से वरिष्ठ सलाहकार गुरबिंदर सिंह, अपना रेडियो 91.2 एफएम से प्रीतम यादव, रेडियो वितस्ता 90 एफएम अंबाला से भारत सोपोरी सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

